जेपी दत्ता की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘Border 2’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। इसी बीच मेकर्स ने फिल्म के सबसे भावनात्मक और चर्चित गीत ‘घर कब आओगे’ का ऑडियो ट्रैक रिलीज कर दिया है। यह गीत 1997 में आई सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ के आइकॉनिक सॉन्ग ‘संदेसे आते हैं’ का रीक्रिएटेड वर्जन है, जिसे इस बार नए अंदाज़ और आधुनिक संगीत के साथ पेश किया गया है। गीत के ऑडियो ने रिलीज होते ही श्रोताओं के दिलों को छू लिया है। महज़ 3 घंटे के भीतर इसे 67 हजार से ज्यादा लोग सुन चुके हैं। मेकर्स ने यह भी घोषणा की है कि इस गीत का वीडियो आज 2 जनवरी को शाम 6 बजे रिलीज किया जाएगा, जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
9 दिग्गज सितारों ने मिलकर रचा देशभक्ति का यह गीत
‘घर कब आओगे’ को खास बनाने के लिए बॉलीवुड के कई दिग्गज संगीतकारों, गायकों और गीतकारों को एक साथ लाया गया है। इस मेगा म्यूज़िकल कोलैबोरेशन में सोनू निगम की भावुक आवाज़ के साथ कई मशहूर कलाकारों का योगदान है। इस गीत के क्रेडिट्स में अनु मलिक, मिथून, सोनू निगम, अरिजीत सिंह, रूप कुमार राठौड़, विशाल मिश्रा, दिलजीत दोसांझ, जावेद अख्तर और मनोज मुंतशिर जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इतने बड़े स्तर पर हुई इस संगीत साझेदारी ने म्यूज़िक लवर्स के बीच जबरदस्त उत्सुकता पैदा कर दी है। देशभक्ति और सैनिकों की भावनाओं को समर्पित यह गीत न सिर्फ फिल्म का अहम हिस्सा है, बल्कि अपने आप में एक स्वतंत्र भावनात्मक अनुभव भी बनकर उभरा है।
‘संदेसे आते हैं’ के संगीतकार अनु मलिक की प्रतिक्रिया
ऑडियो रिलीज के साथ ही टी-सीरीज़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “The national anthem is here. A song born from the soul of India. India’s biggest musical collaboration has arrived!” इसके बाद सोशल मीडिया पर गीत को लेकर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। इस बीच, 1997 की फिल्म ‘बॉर्डर’ में ‘संदेसे आते हैं’ के मूल संगीतकार अनु मलिक ने भी इस नए संस्करण पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पीटीआई से बातचीत में साफ किया कि वे ‘घर कब आओगे’ के रीक्रिएटेड वर्जन का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन चूंकि मूल गीत की रचना उन्होंने की थी, इसलिए उनका नाम क्रेडिट्स में शामिल किया गया है। अनु मलिक ने कहा कि ‘बॉर्डर 2’ की कल्पना ‘संदेसे आते हैं’ के बिना नहीं की जा सकती, और इस गीत में उनका तथा गीतकार जावेद अख्तर का योगदान ऐतिहासिक है।
क्या ‘घर कब आओगे’ बना पाएगा वही जादू?
अनु मलिक ने यह भी कहा कि सोनू निगम और अरिजीत सिंह की आवाज़ों का संगम इस गीत को बेहद खास बनाता है। उनके अनुसार सोनू निगम बेहतरीन भावनात्मक गायक हैं, वहीं अरिजीत सिंह की आवाज़ में एक अलग ही जादू है। इसके अलावा विशाल मिश्रा और दिलजीत दोसांझ की आवाज़ें भी गीत को नई ऊर्जा देती हैं। गौरतलब है कि मूल ‘संदेसे आते हैं’ को सोनू निगम और रूप कुमार राठौड़ ने गाया था और यह गीत देशभक्ति संगीत में एक अमर स्थान बना चुका है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या ‘घर कब आओगे’ भी दर्शकों के दिलों पर वही गहरा भावनात्मक प्रभाव छोड़ पाता है या नहीं। बता दें कि ‘बॉर्डर 2’ 23 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस के मौके पर रिलीज होने की उम्मीद है, और यह फिल्म पहले से ही साल की सबसे चर्चित फिल्मों में गिनी जा रही है।

