Jaideep Ahlawat: स्पाई-थ्रिलर वेब सीरीज “द फैमिली मैन” की तीसरी सीजन दर्शकों के बीच जबरदस्त हिट साबित हुई है। मनोज बाजपेयी ने एक बार फिर से श्रीकांत तिवारी के किरदार में कमाल का अभिनय किया है, वहीं शरीब हाशमी ने जेके की भूमिका से दर्शकों का मनोरंजन बढ़ाया। लेकिन इस बार सबसे ज्यादा चर्चा में नया विलेन “रुक्मा” है, जिसे जयदीप अहलावत ने निभाया है। रुक्मा के लुक और किरदार को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस लुक को बनाने के पीछे क्या कहानी है? निर्देशक जोड़ी राज & डीके ने खुद इस रहस्य का खुलासा किया है।
रुक्मा का लुक कैसे हुआ तैयार?
जयदीप अहलावत, जो अपने अलग-अलग किरदारों और लुक्स के लिए जाने जाते हैं, ने “द फैमिली मैन 3” में नॉर्थईस्ट के सबसे बड़े ड्रग डीलर रुक्मा का रोल निभाया है। उनके लंबे बाल और ढीले-ढाले कपड़े इस किरदार को खास बनाते हैं। हालांकि, आमतौर पर किसी भी किरदार के लिए मेकर्स कई बार लुक टेस्ट करते हैं, पर रुक्मा के लिए ऐसा कुछ करने की जरूरत ही नहीं पड़ी। दरअसल, राज & डीके को जयदीप का यह नया लुक उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर मिला। वहीं से उन्हें रुक्मा का असली रूप नजर आया।
View this post on Instagram
राज & डीके ने बताया एक अनोखा किस्सा
एनडीटीवी से बातचीत में राज & डीके ने बताया कि उन्होंने रुक्मा के लुक के लिए कोई एक्सपेरिमेंट या लुक टेस्ट नहीं किए। जयदीप ने इंस्टाग्राम पर एक फोटो पोस्ट किया था, जो काफी अलग था। राज & डीके इसे देखकर समझ गए कि यह लुक उनके नए विलेन के लिए बिल्कुल सही रहेगा। राज ने कहा, “हम जयदीप को पिछली बार ‘पाताल लोक’ में हाथीराम के रूप में देख चुके थे और हम चाहते थे कि रुक्मा का लुक उससे पूरी तरह अलग हो। तभी मेरी टीम ने इंस्टाग्राम पर उनकी एक फोटो देखी, जो बिल्कुल हमारे हिसाब से थी। मैंने जब जयदीप से मुलाकात की तो फोटो दिखाई और कहा, ‘तुम्हें यही लुक मिलेगा।’ शायद उन्होंने सोचा होगा कि उन्हें फिर से बाल बढ़ाने होंगे।”
जयदीप अहलावत ने विग पहनने की कठिनाई बताई
जयदीप ने बताया कि उनके लिए बालों को फिर से बढ़ाना संभव नहीं था क्योंकि शूटिंग शेड्यूल बहुत तंग था। उन्होंने कहा, “मुझे विग पहनना बिल्कुल पसंद नहीं है। यह बहुत कष्टदायक होता है। मैं बहुत पसीना करता हूं, लेकिन हमने आखिरकार विग के साथ ही जाना बेहतर समझा।” इस प्रकार विग पहन कर भी उन्होंने रुक्मा का किरदार इतनी दमदार तरीके से निभाया कि दर्शक उन्हें उस रूप में याद रख रहे हैं।
रुक्मा के किरदार की सफलता और आगे की उम्मीदें
“द फैमिली मैन 3” में रुक्मा का किरदार इतना प्रभावशाली बन गया है कि यह शो की सबसे बड़ी ताकत बन चुका है। जयदीप अहलावत ने अपनी एक्टिंग और इस नए लुक से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया है। राज & डीके के इस अनोखे प्रयोग ने साबित कर दिया कि किरदार के लिए सही लुक कितना महत्वपूर्ण होता है। अब दर्शक बेसब्री से अगली कड़ी का इंतजार कर रहे हैं कि रुक्मा के आगे की कहानी कैसे आगे बढ़ेगी और इस किरदार से क्या नए ट्विस्ट जुड़ेंगे।

